बारां , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में हाड़ौती के बारां जिले के मांगरोल कस्बा निवासी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जगदीश निराला को उनकी साहित्यिक उपलब्धियों एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किशनलाल चचैया स्मृति सम्मान- 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

कनक एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, कोटा के निदेशक नवीन कुमार चचैया एवं डॉ. प्रवीण कुमार चचैया और कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र पंवार ने गुरुवार को बताया कि यह सम्मान प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदान किया जाता है। सम्मान के तहत 5,100 रुपये की नकद राशि, शॉल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष सम्मान समारोह 24 नवंबर को कनक पब्लिक स्कूल, अंजलि विहार, मानपुरा, कोटा में आयोजित किया जाएगा। समारोह में डॉ. जगदीश निराला को साहित्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

श्री निराला ने बताया कि इस सम्मान के लिए आज उन्हें सूचना प्राप्त हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित