नयी दिल्ली , मई 09 -- डॉ. अशोक कुमार पांडा ने शनिवार को सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज इस्पात विनिर्माता कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला।

डॉ पांडा इससे पहले कंपनी में निदेशक ( वित्त) के पद पर थे और लगभग नौ महीनों तक निदेशक (वाणिज्य) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाले हुए थे।

सेल की एक विज्ञप्ति के अनुसार डॉ. पांडा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई कर के 1992 में प्रबंधन प्रशिक्षु (तकनीकी) के रूप में सेल से जुड़े थे और निदेशक (वित्त) के पद से होते हुए कंपनी के सबसे ऊंचे पद तक पहुंचे हैं। वित्त निदेशक के रूप में उन्होंने , डॉ. पांडा ने ऑपरेशनल दक्षता और समग्र लाभप्रदता में सुधार लाने के उद्देश्य से कई रणनीतिक पहलों का नेतृत्व किया।

निदेशक (वाणिज्य) के रूप में अपनी भूमिका में, उन्होंने परिचालन को बाजार और वित्तीय उद्देश्यों के साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें बिक्री की मात्रा में सुधार,शुद्ध बिक्री आय में वृद्धि और इन्वेंट्री में कमी लाने में मदद मिली है और प्रोडक्ट ब्रांडिंग को विशेष बल मिला है ।

सेल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक पद को संभालाने के बाद डॉ पांडा ने कहा , " सेल अपनी क्षमता विस्तार के अगले चरण (3.5 करोड़ टन वार्षिक तक की क्षमता करने ) की ओर अग्रसर है। विस्तार के साथ-साथ, हम अपने सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जारी रखेंगे। घरेलू खनन को बढ़ाकर और विदेशी संपत्तियों की खोज करके कच्चे माल की सुरक्षा को मजबूत करना हमारी विकास महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए महत्वपूर्ण होगा। साथ ही, हम वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए, अपने ब्रांड जुड़ाव को मजबूत करते हुए, और सभी हितधारकों के लिए निरंतर मूल्य सृजन सुनिश्चित करते हुए अपनी बाजार पहुंच का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"सेल की वर्तमान क्षमता करीब दो करोड़ टन कच्चे इस्पात की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित