नयी दिल्ली , जून 19 -- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने आयोग के सदस्यों के साथ शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित तालकटोरा एनेक्सी भवन में यूपीएससी के नये कार्यालय का उद्घाटन किया।
इस दौरान डॉ. अजय कुमार ने कहा कि यूपीएससी लंबे समय से कार्यालयी स्थान की कमी का सामना कर रहा था। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में आयोग की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ी हैं जिसके कारण उसकी कार्यात्मक और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप अतिरिक्त बुनियादी ढांचे की जरूरत महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि आयोग की विस्तारित जिम्मेदारियों, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना तथा अन्य संस्थागत पहलों को ध्यान में रखते हुए कुछ कार्यालयों को अंतरिम व्यवस्था के रूप में तालकटोरा एनेक्सी भवन में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी, जब तक धौलपुर हाउस में स्थायी सुविधाओं का विकास नहीं हो जाता।
यूपीएससी अध्यक्ष ने कहा कि आयोग पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता-आधारित भर्ती प्रणाली के माध्यम से देश की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अतिरिक्त कार्यालयी स्थान से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और आयोग अपने संवैधानिक दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि नए कार्यालय का उद्घाटन आयोग की संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विस्तारित बुनियादी ढांचा आयोग के बदलते कार्यक्षेत्र और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगा तथा भर्ती और परीक्षा संबंधी सेवाओं के संचालन को अधिक प्रभावी बनायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित