लखनऊ , सितंबर 24 -- पिछले संस्करण के विजेता हरियाणा के भारत राघव को योनेक्स सनराइज डॉ. अखिलेश दास गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 के पुरुष एकल मुख्य ड्रा में शीर्ष वरीयता दी गई है। महिला एकल में पिछली उपविजेता आंध्र प्रदेश की सूर्या चरिश्मा को शीर्ष वरीयता मिली है।
पुरुष युगल में पिछले संस्करण के विजेता महाराष्ट्र के विप्लव कुवले और विराज कुवले, महिला युगल में पिछली विजेता कर्नाटक की शिखा गौतम और अश्विनी भट्ट तथा मिश्रित युगल में कर्नाटक के असिथ सूर्या और अमृता पी. को शीर्ष वरीयता मिली है।
भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा का निर्धारण गुरुवार को बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी, गोमतीनगर में किया गया।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह ने बताया कि मुख्य ड्रा में पुरुष और महिला एकल में 64-64, जबकि पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में 32-32 जोड़ियों का ड्रा निकाला गया है। मुख्य ड्रा के मुकाबले 25 सितंबर से बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी के कोर्ट पर सुबह साढ़े आठ बजे से खेले जाएंगे।
पुरुष एकल में उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ मिश्रा को सीधे प्रवेश मिला है, जबकि नीर नेहवाल और अंश विशाल गुप्ता को वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है। महिला एकल में अमोलिका सिंह को 13वीं वरीयता मिली है। तरनजीत कौर बासी को सीधे प्रवेश मिला है, जबकि काजल पंवार और दिव्यांशी गौतम वाइल्ड कार्ड से मुख्य ड्रा में पहुंची हैं।
पुरुष युगल में यूपी के अर्श मोहम्मद और सीएजी के सौरव साजू की जोड़ी को सातवीं वरीयता मिली है, जबकि यूपी के देवांशु ज्वाला और सीएजी के तुषार शर्मा को वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है। महिला युगल में यूपी की अमोलिका सिंह और केरल की मेहरान रिजा की जोड़ी सातवीं वरीय है, जबकि यूपी की रिधिमा सिंह और आदित्या यादव की जोड़ी को वाइल्ड कार्ड मिला है।
मिश्रित युगल में यूपी के अस्मित सिंह और ऋद्धि भारद्वाज को वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है। वहीं यूपी के अभ्यांश सिंह और उत्तराखंड की शांभवी तथा यूपी के आयुष अग्रवाल और हरियाणा की शिवानी संतोष सिंह ने क्वालीफायर में जीत दर्ज कर मुख्य ड्रा में जगह बनाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित