पटना , अप्रैल 30 -- बिहार सरकार ने डॉ.भीमराव अम्बेडकर कल्याण छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के मासिक छात्रावास अनुदान को दोगुना कर दिया है।

राज्य में संचालित 139 डॉ. भीमराव अम्बेडकर कल्याण छात्रावास संचालित है। इसमें आवासित एवं अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को अब मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास अनुदान योजना के तहत अब प्रति माह दो हजार रुपये छात्रावास अनुदान दिया जाएगा। पहले यह राशि एक हजार रुपये प्रतिमाह दी जाती थी। सरकार ने बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। नई दर अप्रैल माह से लागू कर दी गई है। इस फैसले से राज्य के 10 हजार से अधिक एससी-एसटी छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा।

विभाग की ओर से इसके पूर्व प्रवेशिकोत्तर की छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी कर छात्रवृत्ति की राशि दोगुनी की गई है। एससी-एसटी वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावासों का संचालन किया जा रहा है। इन छात्रावासों में निशुल्क आवासीय सुविधा, डिजिटल कक्षाएं, पुस्तकालय और प्रतिमाह अनुदान की व्यवस्था है। साथ ही, इनमें रहने वाले विद्यार्थियों को 15 किलो अनाज भी दिया जाता है। इनमें नौ किलोग्राम चावल एवं छह किलोग्राम गेहूं शामिल है। अब अनुदान में वृद्धि से उनकी पढ़ाई पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ और कम हो जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित