हैदराबाद , अगस्त 12 -- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-एनजीआरआई) के पूर्व मुख्य वैज्ञानिक एवं भूवैज्ञानिक डॉ. एम. राम मोहन को देहरादून स्थित वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान (डब्लयूआईएचजी) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है।
वाडिया हिमालयन भूविज्ञान देहरादून में स्थित है, जो केन्द्र सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अधीन एक स्वायत्त अनुसंधान एवं विकास संस्थान है।
डॉ. राम मोहन ने 26 से ज़्यादा वर्षों तक सीएसआईआर-एनजीआरआई संस्थान में काम किया है और वह भू-रसायन विज्ञान और शैल विज्ञान के विशेषज्ञ हैं। उनके शाेध मुख्य रूप से आर्कियन जियोडायनामिक्स, महाद्वीपीय क्रस्टल विकास और इंडियन शील्ड के भूवैज्ञानिक इतिहास पर केंद्रित रहे हैं।
गौरतलब है कि डॉ राम मोहन ने हाल ही में हैदराबाद विश्वविद्यालय के पृथ्वी, महासागर और वायुमंडलीय विज्ञान केंद्र में प्रोफेसर के तौर पर सेवाएं शुरू की थीं।
उनके योगदान के लिये उन्हें कई सम्मान मिले हैं, जिनमें नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया की फेलोशिप, नेशनल जियोसाइंस अवार्ड, एच.एच.रीड मेमोरियल गोल्ड मेडल और कृष्णन गोल्ड मेडल शामिल हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सीएसआईआर-एनजीआरआई संस्थान ने डॉ. राम मोहन को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी और नये नेतृत्व की भूमिका में उनकी सफलता की कामना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित