कपूरथला , अगस्त 31 -- पंजाब जनगणना संचालन की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने सोमवार को कपूरथला जिले में जनगणना-2027 के दूसरे चरण 'जनसंख्या गणना' की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की।

बैठक में उपायुक्त आकाश बंसल के अलावा प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी-कम-आयुक्त कपूरथला नगर निगम अनुपम कालेर, फगवाड़ा नगर निगम के आयुक्त रणदीप सिंह हीर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, चार्ज अधिकारी तथा अन्य अधिकारी प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। डॉ. खोसा ने जिले में जनगणना के पहले चरण 'मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना' (एचएलओ) के सफल और समयबद्ध संचालन के लिए चार्ज अधिकारियों तथा मैदानी कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को शेष जनगणना गतिविधियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अग्रिम योजना और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है।

उन्होंने जिले के प्राथमिकता वाले चार्ज क्षेत्रों तथा फगवाड़ा और कपूरथला नगर निगम क्षेत्रों में किए गये एचएलओ कार्य की विशेष सराहना की।

निदेशक ने जिला प्रशासन और जनगणना कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि कपूरथला जिला जनगणना-2027 के दूसरे चरण से जुड़े सभी कार्य सफलतापूर्वक पूरे करेगा।

बैठक के दौरान जनगणना-2027 के दूसरे चरण 'जनसंख्या गणना' को समयबद्ध और सुचारू ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गयी।

जिला जनगणना पुस्तिका (डीसीएचबी) की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. खोसा ने सभी चार्ज अधिकारियों को गांवों और कस्बों की निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों की समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि डीसीएचबी से जुड़ा पूरा कार्य 8 सितंबर 2026 की निर्धारित अंतिम तिथि से पहले हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने प्रिंसिपल जनगणना अधिकारियों और जनगणना अधिकारियों को जनसंख्या गणना के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करने और पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश भी दिये।

उपायुक्त आकाश बंसल ने आश्वासन दिया कि जिले में जनगणना से संबंधित सभी गतिविधियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दोनों नगर निगमों के साथ समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जनगणना कार्य को कुशलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े एकत्र किये जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित