देहरादून , मई 25 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को वर्ष 2012 के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी डा आशीष चौहान ने नए जिलाधिकारी (डीएम) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने निवर्तमान डीएम सविन बंसल से यह दायित्व ग्रहण किया।
नव नियुक्त डीएम डॉ. चौहान ने आज सुबह कोषागार पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व उन्होंने कोषागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वहां सभी रिकार्डो को व्यवस्थित एवं सुरक्षित संरक्षण करने और डिजिटल माध्यम से पेंशनरों का सत्यापन कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही चारधाम यात्रा प्रबंधन को सशक्त बनाना, आपदा प्रबंधन के कार्यो को समयबद्व पूर्ण करना एवं जनपद के विकास योजनाओं का त्वरित गति से पूर्ण कराना करना और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सुगमता से जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत डीएम का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित