मुंबई , सितंबर 03 -- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर में रही नरमी से घरेलू अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया 22 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.51 रुपये का बोला गया।

रुपया पिछले कारोबारी दिवस पर भी 22 पैसे चढ़कर 94.73 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।भारतीय मुद्रा आज 43 पैसे की बड़ी तेजी के साथ 94.30 रुपये प्रति डॉलर पर खुली और 94.26 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुई। इसके पीछे मुख्य कारण दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक की गिरावट रही। डॉलर सूचकांक फिलहाल 0.5 प्रतिशत नीचे है।

वहीं, कच्चे तेल में तेजी और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की बिकवाली के दबाव में रुपया बाद में नीचे 94.66 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 94.51 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.7 प्रतिशत चढ़कर फिलहाल 96 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है। एफपीआई ने आज भारतीय पूंजी बाजार में 42.46 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की। इन दोनों कारकों ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित