रायपुर , सितंबर 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और फोन कॉल के जरिए ठगी के अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में सरकारी अस्पताल का डॉक्टर बनकर ट्रेवल एजेंट से चेन्नई से बैंकॉक की 51 हजार रुपए की एयर टिकट बुक करा ली गई। वहीं सस्ते में पार्सल पहुंचाने और कम कीमत पर तेल उपलब्ध कराने का झांसा देकर दो अन्य कारोबारियों से क्रमशः 41 हजार और 30 हजार रुपए की ठगी की गई।

ट्रेवल एजेंट एचएस सिंह ने बताया कि पिछले माह उनके पास रायपुर के सरकारी अस्पताल से फोन आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर बताते हुए अपना नाम, पद, पासपोर्ट नंबर समेत पहचान से जुड़ी पूरी जानकारी दी। उसने चेन्नई से बैंकॉक जाने के लिए फ्लाइट की जानकारी देते हुए टिकट बुक कराने को कहा। टिकट की कीमत 51 हजार रुपए थी।

ठग ने एजेंट से कहा कि उसके साथी डॉक्टर भी उसी फ्लाइट से जा रहे हैं, इसलिए उसे उसी विमान की टिकट चाहिए। उसने टिकट लेकर अस्पताल आने और वहीं नकद भुगतान करने की बात कही। जानकारी सही प्रतीत होने पर एजेंट ने टिकट बुक कर दी लेकिन जब वह टिकट लेकर अस्पताल पहुंचा तो वहां बताए गए नाम का कोई डॉक्टर नहीं मिला। इस बीच संबंधित मोबाइल नंबर भी बंद हो गया।

इसके बाद एजेंट ने पुलिस से संपर्क किया। क्राइम ब्रांच रायपुर के टीआई सतीश गहरवार ने बताया, "एक ठग ने ट्रैवल एजेंट को फोन कर चेन्नई से बैंकॉक की टिकट बुक कराई। ठग ने इसके लिए एक डॉक्टर का नाम, पता की जानकारी दी। समय रहते एजेंट ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पासपोर्ट के आधार पर ठग से 40 हजार लौटाए गए।"ठगी का दूसरा मामला शंकर नगर क्षेत्र का है। यहां एक युवक ने ऑनलाइन एप के माध्यम से 20 लोगों के लिए भोजन का ऑर्डर दिया था। एप पर 350 रुपए का पार्सल 100 रुपए में उपलब्ध कराने का दावा किया गया। ठग ने युवक से एडवांस भुगतान लेने के बाद एमजी रोड स्थित एक होटल में भोजन का ऑर्डर देकर युवक का पता दे दिया।

डिलीवरी बॉय जब भोजन लेकर बताए गए पते पर पहुंचा तो भुगतान को लेकर विवाद हुआ। युवक ने जिस नंबर पर पहले भुगतान किया था, उस पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई।

इसी तरह पंडरी कपड़ा मार्केट स्थित एक बिरयानी सेंटर के कारोबारी को सस्ते में तेल उपलब्ध कराने का झांसा दिया गया। फोन करने वाले ने बाजार में तेल के दाम बढ़ने की बात कहते हुए 1600 रुपए की टीन 1100 रुपए में देने का प्रस्ताव रखा। कारोबारी ने 30 टीन का ऑर्डर दे दिया।

इसके बाद ठग ने गुढ़ियारी के एक थोक कारोबारी से तेल मंगवाया और माल पहुंचने पर भुगतान करने की बात कही। थोक कारोबारी का कर्मचारी तेल लेकर बिरयानी सेंटर पहुंचा। इसी दौरान ठग ने होटल कारोबारी से ऑनलाइन भुगतान ले लिया। तेल उतारने के बाद कर्मचारी ने 1600 रुपए प्रति टीन के हिसाब से रकम मांगी, तब होटल कारोबारी को ठगी का पता चला।

पुलिस इन मामलों में ऑनलाइन माध्यम और फोन कॉल के जरिए अपनाए गए ठगी के तरीकों को लेकर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित