भागलपुर, अगस्त 02 -- बिहार के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की निर्मम हत्या के विरोध में बिहार नगर सेवा पदाधिकारी संघ के आह्ववान पर राज्य भर के सभी कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ)आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

बिहार नगर सेवा कार्यपालक पदाधिकारी संघ के सचिव अरविन्द सिंह ने रविवार को बताया कि रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की कल रात पटना जाते समय रास्ते में हुई निर्मम हत्या से सभी पदाधिकारी दुखी एवं आक्रोशित हैं और यह घटना राज्य सरकार की विफलता की वजह से हुई है।

श्री सिंह ने बताया कि विगत 28 अप्रैल को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या होने के बाद संघ की ओर से सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को पूरी सुरक्षा मुहैय्या कराने की मांग की गई थी।उस समय राज्य सरकार ने सभी पदाधिकारियों के लिए सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था का आश्वासन दिया था।

संघ के सचिव ने कहा कि सुल्तानगंज की घटना के दो माह बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और राज्य के किसी भी कार्यपालक पदाधिकारी को सुरक्षा गार्ड मुहैय्या नहीं कराया है। यदि डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के साथ सुरक्षा गार्ड रहता तो उसकी हत्या नहीं होती।

श्री सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता और वादाखिलाफी के चलते आज हमारे एक और पदाधिकारी की हत्या कर दी गई है। इस दूसरी घटना ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को असुरक्षा की भावना को बढ़ा कर दिया है और इस सवाल (सुरक्षा) को लेकर राज्य के सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी है।

संघ के सचिव ने कहा कि जब तक सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को पूर्ण सुरक्षा की गारंटी और अन्य मांगों की पूर्ति नहीं होगी, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि विगत 28 अप्रैल को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नगर परिषद के कार्यालय में बैठक के दौरान कुछ सशस्त्र अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना को लेकर काफी बवाल हुआ था और राज्य के सभी कार्यपालक पदाधिकारी हड़ताल पर चले गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित