चंडीगढ़ , नवंबर 10 -- पंजाब में जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के प्रबंधन, वित्तीय कामकाज और आंतरिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर संगत के कुछ सदस्यों ने सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मंगलवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एल.एम. गुलाटी ने डेरा के दान, बैंक खातों, संपत्तियों, नियुक्तियों और कुछ व्यक्तियों के कथित हस्तक्षेप से जुड़े मामलों की स्वतंत्रजांच कराने की मांग की।

श्री गुलाटी ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर संगत के कुछ सदस्यों की ओर से समय-समय पर शिकायतें और प्रस्ताव संबंधित स्तरों पर रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। उनके मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य किसी धार्मिक संस्था या संत की छवि को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि संस्थागत पारदर्शिता, जवाबदेही और संगत के हितों की रक्षा करना है।

संवाददाता सम्मेलन में संत मानदेव दास से जुड़े कुछ मामलों तथा डेरा के निर्णयों और आंतरिक कामकाज में कुछ व्यक्तियों की कथित भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने हरियाणा के डेरा सिरसागढ़ से जुड़े घटनाक्रम, दर्ज प्राथमिकी, सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और धमकियों के मामलों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस दौरान संत निरंजन दास जी महाराज की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान को लेकर विशेष चिंता जताई गई। गुलाटी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि संत जी संगत से स्वतंत्र रूप से मिल सकें, लोगों से बातचीत और विचार-विमर्श कर सकें तथा बिना किसी दबाव के अपने निर्णय ले सकें।

डेरा के वित्तीय प्रबंधन को लेकर वक्ताओं ने दान में प्राप्त राशि, बैंक खातों, संपत्तियों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थागत गतिविधियों के आय-व्यय का स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने नियुक्तियों और मीडिया विभाग के कामकाज की समीक्षा की आवश्यकता भी जताई।

श्री गुलाटी ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में रिट याचिकाओं के माध्यम से कानूनी हस्तक्षेप की तैयारी की जा रही है। उन्होंने पंजाब सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से भी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी धार्मिक संस्था को निशाना बनाना नहीं, बल्कि उसके कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा संत निरंजन दास और संगत के हितों की रक्षा करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित