जालंधर , अक्टूबर 22 -- पंजाब सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए डेयरी व्यवसाय को प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत डेयरी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किसानों को वित्तीय सहायता और सब्सिडी दी जा रही है।
डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक कपलमीत सिंह संधू ने गुरुवार को बताया कि विभाग की योजनाओं के तहत दुधारूपशु खरीदने, आधुनिक पशुशाला (कैटल शेड) बनाने, सिंगल रो फॉडर हार्वेस्टर और दूध निकालने वाली मशीनें लगाने के लिए वित्तीय सहायता एवं सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त डेयरी व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दरों पर ऋण भी उपलब्ध करवाए जाते हैं।
श्री संधू के अनुसार, योजनाओं के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को 25 प्रतिशत और अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को 33 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने किसानों से विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने विभाग के नियमों और निर्धारित मानकों के अनुसार आधुनिक कैटल शेड, सिंगल रो फॉडर हार्वेस्टर या मिल्किंग मशीनें स्थापित की हैं, वे सब्सिडी प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन उपनिदेशक डेयरी, जालंधर के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित