नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- भारतबेंज ट्रकों और बसों की निर्माता तथा डेमलर ट्रक एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स (डीआईसीवी) ने गुरुवार को तमिलनाडु में लगभग 4,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की।
कंपनी ने तमिलनाडु निवेश सम्मेलन में राज्य सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया। इसके साथ ही देश में डीआईसीवी का संचयी निवेश बढ़कर 14,500 करोड़ रुपये से अधिक हो जायेगा।
डेमलर इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि निवेश से भारतबेंज की ट्रकों और बसों, विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, अवसंरचनाओं और भविष्य की प्रौद्योगिकी हेतु तैयारी में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे लगभग 400 लोगों को रोजगार मिलेगा।
कंपनी ने बताया कि देश का वाणिज्यिक वाहन बाजार और आर्थिक प्रगति एक-दूसरे से अलग नहीं है। सड़कों, राजमार्गों, औद्योगिक कॉरिडोर, बंदरगाहों, खनन, लॉजिस्टिक्स अवसंरचनाओं और सार्वजनिक परिवहन पर लगातार बढ़ते निवेश के मद्देनजर विश्वसनीय ट्रकों और बसों की आवश्यकता भी बढ़ रही है ताकि ग्राहकों को बेहतर अपटाइम, सुरक्षा, दक्षता और स्वामित्व की कुल लागत मिल सके। इस प्रस्तावित निवेश के जरिये भारतबेंज को मजबूत उत्पाद विकास, विनिर्माण क्षमता, स्थानीयकरण और सेवा तैयारियों के माध्यम से ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित