कोपेनहेगन , अप्रैल 23 -- डेनमार्क में गुरुवार सुबह राजधानी कोपेनहेगन में हिलेरोड के पास दो ट्रेनों की आमने-सामने की टक्कर में 18 लोग घायल हो गये, जिनमें से पांच की हालत अत्यंत गंभीर बतायी जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 6:29 बजे उत्तरी जीलैंड क्षेत्र में हिलेरोड और कागेरुप के बीच रेलवे लाइन पर हुआ। दुर्घटना के समय दोनों ट्रेनों में कुल 38 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और घायलों को एयर एम्बुलेंस तथा सड़क मार्ग से अस्पतालों में पहुंचाया गया है।
घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में पीले और भूरे रंग की दो ट्रेनें एक जंगली ट्रैक पर एक-दूसरे के सामने क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी दिखाई दे रही हैं। राहत और बचाव कर्मियों ने डिब्बों के भीतर की स्थिति को काफी भयावह बताया है।
अधिकारियों ने कहा कि टक्कर के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और डेनमार्क के दुर्घटना जांच बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय मीडिया की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा सिग्नल में खराबी के कारण हो सकता है।
स्थानीय मेयर ट्रिने एगेटवेड ने इस घटना को 'चौंकाने वाला' बताया और कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाये जाने चाहिए। हादसे के बाद क्षेत्र में रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित