नोएडा , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-126 थाना पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को फंसाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी और तेरह हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
गुरुवार को पुलिस ने यह जानकारी दी, उन्होंने बताया कि, 7 अप्रैल को एक युवक ने सेक्टर-126 थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से तनु वर्मा नाम की महिला से हुई थी। महिला ने उसे मिलने के लिए सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग में बुलाया। वहां मुलाकात के दौरान महिला ने युवक को अत्यधिक शराब पिलाकर नशे की हालत में कर दिया और उसके गले से सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट व करीब सत्ताईस हजार नकद लेकर फरार हो गई।
मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गत बुधवार को अप्रैल को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-94 अंडरपास के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीता चक्रवर्ती उर्फ तनु वर्मा उर्फ माया (25 वर्ष), निवासी उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल (वर्तमान पता पहाड़गंज, दिल्ली) और सागर चौहान (33 वर्ष), निवासी शालीमार गार्डन, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित