चंडीगढ़/ कुरुक्षेत्र , मई 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य उत्तरी भारत का पहला प्रदेश बन गया है, जहां सरकारी अस्पतालों में डेंगू मरीजों को मुफ्त सिंगल डोनर प्लेटलेट्स की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही मरीजों को 11,000 रुपये तक का पुनर्भुगतान भी प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री लाडवा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के जन्मदिन पर मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और रक्तदाताओं को सम्मानित किया।
उन्होंने बताया कि राज्य में 154 रक्त केंद्र कार्यरत हैं और पिछले वर्ष 3.3 लाख यूनिट के लक्ष्य के मुकाबले 4.5 लाख यूनिट से अधिक रक्त संग्रह किया गया। हरियाणा को लगातार दूसरे वर्ष सर्वाधिक रक्तदान के लिए केंद्र सरकार से सम्मान भी मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है और इससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं, सर्जरी, कैंसर, थैलेसीमिया और अन्य बीमारियों के मरीजों के लिए रक्त की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में समाज के सहयोग से ही इस आवश्यकता को पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 18 से 65 वर्ष के स्वस्थ व्यक्ति सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकते हैं और इससे शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता। सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के आधुनिकीकरण और रक्त बैंक सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित