उज्जैन , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में रामघाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से डूब रही 19 वर्षीय श्रद्धालु महिला को होमगार्ड सैनिक ने तत्परता दिखाते हुए बचा लिया।

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर निवासी मुस्कान आज सुबह रामघाट पर स्नान कर रही थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। मौके पर तैनात होमगार्ड सैनिक राजेंद्र डाबी ने उसे डूबता देख तत्काल नदी में छलांग लगाई और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिजनों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने होमगार्ड सैनिक के साहस और तत्परता की सराहना की।

होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि नागपंचमी और श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए रामघाट सहित प्रमुख घाटों पर आपदा बचाव उपकरणों के साथ 130 से अधिक होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के तैराक और गोताखोर तैनात किए गए हैं। रात्रि में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित