डूंगरपुर , मई 21 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिक से अधिक संख्या में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक कर लाभान्वित करने के निर्देश देते हुए कहा है कि डूंगरपुर-बांसवाड़ा में आम की गुणवत्ता एवं मक्का की पैदावार अच्छी होती है और यहां प्रसंस्करण इकाईयों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे किसानों को अच्छी आमदनी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

श्री शर्मा गुरुवार को डूंगरपुर जिला कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं को सुनने तथा उनके त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को विभागीय योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाए।

उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय लक्ष्यो की प्राप्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करके योजनाओं को धरातल पर उतारें। उन्होंने जिला कलक्टर को सभी उपखण्ड एवं विभागीय अधिकारियों की फील्ड विजिट सहित विभागीय जिम्मेदारियों की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर सभी वर्गों के कल्याण एवं विकास को सुनिश्चित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के किसानों की जमीने बहुत छोटी हैं, इसलिए उन्हें कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। जिससे उनकी उपज और आय में वृद्धि हो सके।

मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान में जन भागीदारी बढ़ाने, जल स्रोतों की साफ सफाई करने एवं कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत जल संचय के कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बारिश के पानी का संचय कर उसकी उपयोगिता को बढ़ावा देने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाएं। इसके लिए जल संसाधन और पीएचईडी विभाग मिलकर काम करें।

उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर-बांसवाड़ा समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली विरासत वाले जिले हैं। इसलिए इस क्षेत्र के विकास को नए आयाम देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित