जयपुर , मार्च 20 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को डूंगरपुर जिले की सीमलवाड़ा तहसील में माण्डली ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी रमेश चन्द्र सुवालका को मकान का पट्टा बनाने के मामले में चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी की डूंगरपुर चौकी को शिकायत मिली कि परिवादी एवं सपरिवादी के गांव माण्डली में मकानों के पट्टे बनाने के लिए ग्राम पंचायत माण्डली ग्राम विकास अधिकारी को आवेदन करने पर दोनो भाईयो के दोनों घरो के पट्टे बनाने की एवज में आठ हजार रूपये की रिश्वत की मांग की गई और परिवादी द्वारा चार हजार रुपए रिश्वत श्री सुहालका को देने पर घर का पट्टा दे दिया गया लेकिन उसके भाई एवं सहपरिवदी को पट्टा नही दिया गया और इसके लिए चार हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।

इस पर ब्यूरो टीम द्वारा गत 18 मार्च को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया जिसमें श्री सुहालका. ने सपरिवादी से इसके लिए चार हजार रुपए लेने के लिए सहमत हुआ।

इसके बाद शुक्रवार को एसीबी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए श्री सुवालका को सहपरिवादी से चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित