रायपुर , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई स्थित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार को नयी गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बाजार परिसर का नामकरण सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर करने और यहां उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।
श्री साय ने बुधवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से लगे लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित आधुनिक थोक बाजार का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं तथा आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना से आर्थिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नये अवसर पैदा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं विकसित की गयी हैं। यह परियोजना व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी और रायपुर सहित पूरे प्रदेश के व्यापार को नयी दिशा देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के साथ 'ईज ऑफ लिविंग' पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है और व्यापार एवं उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से कई सुधारात्मक कदम उठाए गये हैं।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गयी थी, वह अब साकार हो गयी है। इससे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।
गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह परियोजना गुणवत्ता, नवाचार और जनसेवा के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा प्रदेश में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नया विस्तार देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित