नयी दिल्ली , सितम्बर 14 -- पूर्व श्रीलंकाई तेज़ गेंदबाज़ चामिंडा वास आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के गेंदबाज़ी कोच बन सकते हैं। क्रिकइंफो को पता चला है कि वास और भारत के पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा उस कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा होंगे, जिसका नेतृत्व भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली करेंगे। गांगुली मुख्य कोच होंगे, जबकि भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह बल्लेबाज़ी कोच की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।

वास श्रीलंका के सबसे सफल तेज़ गेंदबाज़ हैं। उन्होंने टेस्ट में 355 और वनडे में 400 विकेट लिए हैं। वह 2008 से 2010 तक आईपीएल के पहले तीन सीज़न में डेक्कन चार्जर्स के लिए खेले थे। 52 वर्षीय वास का कोचिंग अनुभव ज़्यादातर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रहा है। उन्होंने श्रीलंका की पुरुष टीम के साथ तीन अलग-अलग कार्यकाल में काम किया है- 2012-15, 2016-2017 और फिर 2022। 2021 में वेतन को लेकर विवाद के बाद उन्होंने दो दिन में ही अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।

उन्होंने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत न्यूज़ीलैंड की पुरुष टीम के सलाहकार के तौर पर की थी। 2016 में टी20 विश्व कप के दौरान उन्होंने आयरलैंड के साथ भी काम किया था। वरिष्ठ टीमों की ज़िम्मेदारियों के अलावा वास ने श्रीलंका क्रिकेट के साथ भी कई वर्षों तक तेज़ गेंदबाज़ी सलाहकार और एकेडमी मेंटॉर के तौर पर काम किया है। इस दौरान उन्होंने युवा तेज़ गेंदबाज़ों की पहचान करने और उन्हें तैयार करने में अपनी भूमिका निभाई है। फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट के अनुभव की बात करें तो वास ने 2024 ज़िम एफ़्रो टी10 लीग में एनवाईएस लागोस को कोचिंग दी थी और एलपीएल 2026 में कैंडी रॉयल्स के मुख्य कोच थे।

मिश्रा भी आईपीएल में पहली बार कोच की भूमिका में होंगे। वह टूर्नामेंट में चार टीमों, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स), डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स, के लिए खेल चुके हैं। 42 वर्षीय मिश्रा ने 2024 में एलएसजी के लिए अपना आख़िरी आईपीएल मैच खेला था और पिछले सितंबर में संन्यास लिया था।

2008 में अपने पहले आईपीएल मैच में मिश्रा ने पांच विकेट लिए थे, जिसमें उनकी तीन हैट्रिक में से पहली हैट्रिक भी शामिल थी। टूर्नामेंट में यह सर्वाधिक हैट्रिक का रिकॉर्ड है। 2022 को छोड़कर मिश्रा ने 2008 से 2024 तक हर आईपीएल सीज़न खेला है। धीमी और फ़्लाइटेड लेगब्रेक पर काफ़ी निर्भर रहने वाले इस छोटे क़द के लेग स्पिनर के नाम आईपीएल में 162 मैचों में 174 विकेट हैं और उनका इकॉनमी रेट 7.37 है। वह आईपीएल में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों की सूची में दसवें स्थान पर हैं।

वास और मिश्रा ने अपनी-अपनी भूमिकाएं संभालना शुरू कर दिया है और फ़िलहाल दिल्ली में डीसी के एकेडमी खिलाड़ियों के साथ काम कर रहे हैं। टीम ने अभी गांगुली और युवराज समेत नए कोचिंग स्टाफ़ की नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित