मिर्जापुर , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में भारी मात्रा में पुराने मोबाइल फोन, वाहन एवं नकदी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि लालगंज थाना एवं एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 16 मार्च को मुखबिर की सूचना पर तेन्दुई टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक टाटा डीसीएम ट्रक को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गए 11,605 पुराने मोबाइल फोन, आठ मोटरसाइकिल तथा 48,800 रुपये नकद बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि मौके से सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अनारूल, मोहम्मद दिल फराज, सीताबुल, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद हसन, मोहम्मद सफीक (सभी निवासी कटिहार, बिहार) तथा हसीबुर रहमान और सबीर आलम (निवासी पूर्णिया, बिहार) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर बर्तनों के बदले पुराने मोबाइल एवं प्लास्टिक एकत्र करते थे और कुछ मामलों में चोरी भी करते थे। बाद में मोबाइलों को ठीक कर उनके पार्ट्स बिहार एवं कोलकाता के साइबर अपराधियों को बेच दिए जाते थे। इन मोबाइलों में उपलब्ध डाटा का उपयोग ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी के बैंक खाते में पिछले दो वर्षों में 45 लाख रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ, जबकि वह स्वयं को मजदूर बता रहा था। इस सफलता पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने टीम को बधाई देते हुए एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित