सोनीपत , नवंबर 10 -- हरियाणा के मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में 11 से 15 नवंबर तक अखिल भारतीय उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय लॉन टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पांच दिवसीय इस खेल आयोजन में देशभर के 72 विश्वविद्यालयों की पुरुष और महिला टीमें हिस्सा लेंगी।

विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र हुड्डा ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुरुष वर्ग में 38 और महिला वर्ग में 34 टीमें मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश सिंह करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में दिल्ली विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, एमडीयू रोहतक, जामिया मिलिया इस्लामिया, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और थापर इंस्टीट्यूट सहित उत्तर भारत के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। मेजबान डीसीआरयूएसटी की टीमें भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

डॉ. हुड्डा ने कहा कि डीसीआरयूएसटी इससे पहले भी बास्केटबॉल और लॉन टेनिस की उत्तर क्षेत्रीय एवं अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर चुका है। विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि पांच दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन से विश्वविद्यालय परिसर में खेल उत्सव जैसा माहौल बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित