नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- लगातार तीन दिनों तक बारिश से प्रभावित रहने के बाद ओरिएंटल कप 2026 के चौथे दिन आखिरकार खिली धूप ने युवा खिलाड़ियों का स्वागत किया। बेहतर मौसम और अनुकूल खेल परिस्थितियों के बीच शुक्रवार को बालक वर्ग के प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम, दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंत विहार, सेंट फ्रांसिस डी सेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल (नोएडा), मदर्स इंटरनेशनल स्कूल (दिल्ली), माउंट कार्मेल स्कूल (द्वारका) और जी.डी. गोयनका स्कूल (द्वारका) ने शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
दिन के पहले मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम ने नेवी चिल्ड्रेन स्कूल को 3-1 से हराकर विजयी शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंत विहार ने संस्कृति स्कूल को 5-0 से करारी शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में सेंट फ्रांसिस डी सेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने टैगोर इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराकर अपनी शानदार लय बरकरार रखी।
स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा ने द एयर फोर्स स्कूल, सुब्रतो पार्क के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए क्वार्टरफाइनल का टिकट हासिल किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां स्टेप बाय स्टेप ने 3-1 से जीत दर्ज की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित