नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- ओरिएंटल कप 2026 के छठे दिन मंगलवार को डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में सुहावने मौसम और खिली धूप के बीच लड़कों के वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले खेले गए। अंतिम आठ के चारों मुकाबलों में रोमांच, तेज़ रफ्तार फुटबॉल और खिलाड़ियों के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन देखने को मिले। दिन के अंत में दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंत विहार, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा, द मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली और जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

दिन के पहले क्वार्टरफाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंत विहार ने शानदार वापसी करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम को 3-1 से हराया। दूसरे क्वार्टरफाइनल में स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा ने कड़े मुकाबले में सेंट फ्रांसिस डी सेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 2-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

तीसरे क्वार्टरफाइनल में द मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली ने माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दिन के अंतिम क्वार्टरफाइनल में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका ने वसंत वैली स्कूल को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

ओरिएंटल कप 2026 बुधवार को अपने सेमीफाइनल चरण में प्रवेश करेगा, जहां लड़कों और लड़कियों की दो-दो सेमीफाइनल भिड़ंतें खेली जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित