पिथौरागढ़ , जुलाई 15 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के डीडीहाट में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीडीहाट पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कांडा-कफलुवा मोड़ के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के दौरान फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. कमल किशोर की मौजूदगी में डीएनए सैंपल सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
मृतक की पहचान भूपेन्द्र सिंह चौहान निवासी ग्राम हुनेरा, तहसील डीडीहाट के रूप में हुई। मृतक की माता की तहरीर पर एक टैक्सी चालक पर हत्या का संदेह जताते हुए कोतवाली डीडीहाट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी सुमित सिंह धामी (25) निवासी ग्राम कूटा, तहसील डीडीहाट को डीडीहाट-दूनाकोट मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13 जुलाई को वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वाहन से घर जा रहा था। रास्ते में मृतक उसकी टैक्सी में बैठ गया। आरोपी के अनुसार मृतक शराब के नशे में था और दोनों के बीच विवाद तथा गाली-गलौज होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने वाहन में रखे पाना (स्पैनर) से मृतक के सिर पर वार कर दिया और उसे सड़क किनारे छोड़कर चला गया। सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त घटनाक्रम का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेम चन्द्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक चैत सिंह बोनाल, कांस्टेबल दिनेश जोशी तथा हेड कांस्टेबल चालक पृथ्वी पाल शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित