नयी दिल्ली , अगस्त 03 -- ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के छह लाभार्थियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

ये युवा पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, मिजोरम और नागालैंड का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्हें 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 'एट होम' डिनर समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

यह सम्मान केवल इन युवाओं की व्यक्तिगत उपलब्धि का गौरव नहीं है, बल्कि डीडीयू-जीकेवाई के माध्यम से कौशल, स्थायी आजीविका और सम्मानजनक रोजगार के क्षेत्र में आये परिवर्तन को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता भी है। इन युवाओं की राष्ट्रीय आयोजनों में उपस्थिति ग्रामीण कौशल विकास व्यवस्था और डीडीयू-जीकेवाई के माध्यम से उभरी प्रतिभाओं के लिए गर्व का विषय है।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, ग्रामीण विकास मंत्रालय, केन्द्र सरकार के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का प्रमुख प्लेसमेंट-लिंक्ड कौशल विकास कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य ग्रामीण गरीब युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, राष्ट्रीय स्तर पर मान्य प्रमाणन तथा सम्मानजनक एवं स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

योजना के माध्यम से देशभर के लाखों ग्रामीण युवाओं को दीर्घकालिक आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है। इससे वे आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बने हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित