नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू से दिल्ली के मास्टर प्लान 2047 को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के 20 हितधारकों के आउटरीच कार्यक्रम में कांग्रेस को भी शामिल किये जाने की अपील की है।

श्री यादव ने कहा कि दिल्ली के नियोजित विकास और मास्टर प्लान को लागू करने का कांग्रेस के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल के निर्देश पर डीडीए दिल्ली के सांसदों, विधायकों, सरकारी एजेंसियों, उद्योगों और आरडब्ल्यूए सहित 20 हितधारकों के साथ बैठक करने जा रहा है, लेकिन कांग्रेस को इससे बाहर रखा गया है। उन्होंने इसे भाजपा की संकीर्ण राजनीति बताते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के अनुभव का लाभ दिल्ली के भविष्य की योजना बनाने में लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 15 वर्षों के शासन में दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए योजनाबद्ध विकास, मजबूत बुनियादी ढांचे और हरित शहर की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में आम आदमी पार्टी की सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार के बीच लगातार टकराव के कारण दिल्ली के विकास की व्यापक योजनाएं प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि जलभराव, टूटी सड़कें, प्रदूषण, पेयजल और सार्वजनिक परिवहन की समस्याएं इसका परिणाम हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित