जयपुर , जुलाई 09 -- राजस्थान में शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का जायजा लेने के लिए जिला प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा गुरुवार को डीडवाना-कुचामन जिले में शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण किया।

डॉ शर्मा ने सर्वप्रथम जिले के परबतसर पहुंचे जहां उन्होंने नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएचईडी, एवीवीएनएल, चिकित्सा विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन की समस्याओं एवं परिवेदनाओं की जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिये।

इस दौरान जिला प्रभारी सचिव द्वारा शिविर में आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

इसके बाद डॉ. शर्मा मकराना पहुंचे जहां उन्होंने नगर परिषद मकराना में आयोजित शहरी सेवा शिविर का जायजा लिया और शिविर की आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी सचिव ने शहरी सेवा शिविर में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किये।

इसके बाद जिला प्रभारी सचिव ने मकराना उपखंड की ग्राम पंचायत जाखली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में विभागीय काउंटर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की और लाभांवित करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित