शेखपुरा , सितंबर 08 -- बिहार के शेखपुरा जिले में निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) में कार्रवाई के दौरान रिश्वत लेते एक निम्नवर्गीय लिपिक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार लिपिक के पास से रिश्वत के 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
निगरानी ब्यूरो के वरीय पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि अरियरी थाना क्षेत्र के डीहा गांव निवासी राजू प्रसाद ने ट्रैक्टर के हस्तांतरण के लिए लिपिक कुणाल कुमार द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत मांगे जाने की शिकायत निगरानी विभाग में की थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।
श्री प्रसाद ने बताया कि तय योजना के अनुसार निगरानी की टीम डीटीओ कार्यालय पहुंची। जैसे ही लिपिक ने परिवादी से रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाए निगरानी दल ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 30 नोट यानी कुल 15 हजार रुपये बरामद किए गए।
वरीय पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार लिपिक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग की टीम उसे अपने साथ पटना ले गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित