हरिद्वार , मार्च 29 -- उत्तराखंड में हरिद्वार कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के शिवालिक नगर स्थित एक होटल में कल देर रात पार्टी के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।

सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लेते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।

घटना देर रात की है, जब होटल में चल रही पार्टी के दौरान शराब के नशे में धुत कुछ लोगों का डीजे संचालकों से गानों को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में उत्तेजित लोगों ने हंगामा और मारपीट जारी रखी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पकड़े गए आरोपियों में राजकुमार, अभिमन्यु चौहान, अनुज झा, चितरंजन और रजत शामिल हैं। ये सभी हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित