भिण्ड , जून 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान डीजे पर नृत्य को लेकर हुए विवाद के बाद वर और वधू पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद बारात बिना विवाह सम्पन्न हुए वापस लौट गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम सीकरी जागीर में मुस्तफा खान की पुत्री के विवाह समारोह में बारात पहुंची थी। दरवाजे पर डीजे पर नृत्य के दौरान दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे के डंडों तथा धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। घटना में कई लोग घायल हुए तथा बारात में शामिल कुछ वाहनों में तोड़फोड़ कर उनके शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
एक पक्ष के शब्बीर खान निवासी डरमनपाली ने आरोप लगाया कि हारुन खान, इरफान खान और कल्लू खान ने उनके साथ मारपीट की तथा बारात में किराये पर लाई गई कारों में तोड़फोड़ की। वहीं दूसरे पक्ष के इरफान खान निवासी टुडीला मालनपुर ने आरोप लगाया कि आरिफ खान ने उनके चचेरे भाई जहीर खान और चाचा आलम शरीफ पर लोहे के डंडे से हमला किया।
घटना के बाद दोनों पक्ष लहार थाने पहुंचे। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया और दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ चाकू भी बरामद किए हैं। मारपीट में आरिफ खान, आलम शरीफ, जहीर खान तथा दूसरे पक्ष के समीर खान सहित कई लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित