भरतपुर , मार्च 17 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में मानटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कोटा से आईं एक बारात में डीजे पर नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद में कोटा निवासी एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि इस घटना में गम्भीर रूप से घायल काली बस्ती, शकरपुरा कोटा निवासी विशाल (28) पुत्र रघुवीर चंद को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि कोटा के विज्ञान नगर से सवाई माधोपुर के सीमेंट फैक्ट्री क्षेत्र में संजय कलोशिया के यहां आई बारात में डीजे पर नाचने को लेकर विशाल के साथ कुछ युवकों की बहस हो गई। युवकों ने विशाल पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आठ नामजद सहित अन्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने छह नामजद सहित कुल 11 आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित