नयी दिल्ली , दिसंबर 22 -- छोटे ऋण देने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी-एमएफआई) डीजेटी माइक्रोफाइनेंस ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों से 130 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई है।

कंपनी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह रणनीतिक कदम कंपनी की विस्तार योजनाओं में मददगार होगा और बैंकिंग से वंचित तथा बैंकिंग तक सीमित पहुंच रखने वाले लोगों को किफायती ऋण उपलब्ध कराने की उसकी क्षमता को और मजबूत करेगा।

इस फंडिंग का उपयोग कंपनी के ऋण पोर्टफोलियो को मजबूत करने, नये क्षेत्रों में परिचालन विस्तार, डिजिटल अवसंरचना में निवेश तथा सूक्ष्म उद्यमियों, छोटे व्यापारियों और कम-आय वर्ग के परिवारों को बेहतर सेवायें प्रदान करने के लिए किया जायेगा। इससे कंपनी की अधिक ग्राहकों तक पहुंच बनाने, छोटे उद्यमियों को सशक्त करने और जमीनी स्तर पर सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित