नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव को देखते हुए भारतीय विमान सेवा कंपनियों को 02 मार्च तक 11 देशों में उड़ान भरने से बचने की सलाह दी है।

इन देशों में ईरान, इजराइल, लेबनान, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, ईराक, जॉर्डन, कुवैत, यूएई और कतर शामिल हैं।

नियामक ने शनिवार को एक अत्यावश्यक सुरक्षा परामर्श जारी किया है जिसमें "पश्चिम एशिया और फारस की खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा जोखिम बढ़ने" के कारण इन 11 देशों की हवाई सीमा में किसी भी लेवल और किसी भी ऊंचाई पर उड़ान न भरने की सलाह दी है।

डीजीसीए ने बताया है कि यह परामर्श 02 मार्च 2026 तक वैध रहेगा। साथ ही सीरिया और यमन के बारे में पूर्व में जारी सुरक्षा परामर्श भी लागू रहेंगे।

डीजीसीए ने कहा है कि ईरानी क्षेत्र में परिसंपत्तियों पर अमेरिका और इजराइल के हालिया सैन्य हमलों से नागरिक उड्डयन के लिए "उच्च-जोखिम का वातावरण" बना है। ईरान ने भी प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की घोषणा की है। इससे ईरान और आसपास के क्षेत्रों में जोखिम बढ़ा है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजराइल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद ईरान ने इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकाने वाले कई देशों पर जवाबी हमले किये हैं। इससे पूरे पश्चिम एशिया में असुरक्षा पैदा हो गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित