नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पिछले साल दिसंबर में लागू अधिकतम किराया सीमा के उल्लंघन के मामले में विमान सेवा कंपनी इंडिगो को चेतावनी जारी की है।

इंडिगो ने दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में हजारों की संख्या में उड़ानें रद्द की थीं। घरेलू हवाई यातायात में तकरीबन 60 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाली एयरलाइंस के खिलाफ आरोप था कि उसने उड़ानों की कमी का फायदा उठाकर जो उड़ानें चल रही थीं उन पर टिकट के दाम बढ़ाकर नाजायज मुनाफा कमाया।

उल्लेखनीय है कि टिकटों की कीमतों में बेतहाशा वृ्द्धि की बात सामने आने पर डीजीसीए ने अधिकतम किराये की सीमा तय कर दी थी। इंडिगो पर इस सीमा का उल्लंघन कर ज्यादा किराया वसूलने का भी आरोप है।

सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने पोस्ट किया था कि इंडिगो ने उनकी उड़ान रद्द करने के बाद उसी सेक्टर पर फिर से बुकिंग के लिए उनसे कई गुणा पैसे लिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित