पटना , मई 15 -- राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में शुक्रवार को की गई वृद्धि को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा और सीधा प्रहार किया और कहा कि चुनाव खत्म होते ही आवाम पर महंगाई थोप दी गई है।

श्री यादव ने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव खत्म होते हीं एक बार फिर आवाम की पीठ पर महंगाई का बोझ लाद दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में खतरे के संकेत मिल रहे हैं।

श्री यादव ने कहा कि मिडिल ईस्ट का संकट तो पिछले तीन महीने से था, लेकिन जब पांच राज्यों में चुनाव चल रहे थे, तब भारतीय जनता पार्टी के नेता चुप थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही विदेशी मुद्रा का संकट सामने आ गया है।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि कमरतोड़ महंगाई ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ने का सीधा असर माल की ढुलाई, आटा की पिसाई, तेल की पेराई और किसान के खेत की सिंचाई तक साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश को कर्ज के दलदल में डुबो रही है।

श्री यादव ने कहा कि वर्तमान में भारत सरकार देश के दो बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है और उन्हें देश के आदमी की कोई चिंता नही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित