भरतपुर , मई 02 -- राजस्थान में किशोरियों एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) जैसे गंभीर रोग से सुरक्षित करने के लिए चल रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण (एचपीवी) अभियान में डीग जिले ने पूरे राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जिले में 14 से 15 आयु वर्ग की बालिकाओं के टीकाकरण की इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने इसे स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और आमजन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है।

अभियान में विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं सामुदायिक स्तर पर विशेष टीकाकरण शिविरों का आयोजन किया गया। साथ ही चिकित्सकों एवं अध्यापकों द्वारा अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया, जिससे टीकाकरण की दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को समय पर टीकाकरण अवश्य करवायें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित