भरतपुर , मई 05 -- राजस्थान में डीग के विश्वविख्यात रियासतकालीन जल महलों के सरोवरों को स्वच्छ जल से भरने के लिए राज्य सरकार की 20 करोड़ की बजट घोषणा के अनुरूप डीग एस्केप के जीर्णोद्धार एवं सरोवरों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने मंगलवार को जल महलों के निरीक्षण के बाद बताया कि डीग एस्केप के जीर्णोद्धार कार्य के लिए मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। मंजूरी प्राप्त होते ही सिंचाई विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया पूर्ण करके धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

श्री मनीष ने डीग एस्केप के निर्माण के दौरान कंक्रीट की पुलिया के निर्माण किये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे शहर के नालों का गंदा पानी इन सरोवरों में मिलने से रोका जा सकेगा। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को निर्देशित किया कि सरोवरों की सघन सफाई, पानी के फव्वारे लगवाने के लिए प्रस्ताव तैयार करके राज्य सरकार को भिजवाया जाए ताकि आवश्यक धन उपलब्ध कराकर जल महल के सौन्दर्यीकरण और साफ-सफाई के कार्य को शीघ्र मूर्त रूप दिया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित