बेंगलुरु , मई 29 -- कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के इस्तीफे के बाद शनिवार को बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में डीके शिवकुमार को औपचारिक रूप से नया मुख्यमंत्री चुना जा सकता है।
कर्नाटक के मंत्री एचके पाटिल ने कहा कि पार्टी के भीतर सभी मुद्दे सुलझा लिए गये हैं और उन्होंने भरोसा जताया कि नेतृत्व में यह बदलाव कांग्रेस को और मजबूत करेगा। श्री पाटिल ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "सीएलपी की बैठक शनिवार (30 मई) को शाम 4 बजे होगी।" श्री पाटिल ने कहा कि नयी व्यवस्था में वे किसी भी पद के दावेदार नहीं हैं और पार्टी आलाकमान द्वारा उन्हें जो भी भूमिका सौंपी जाएगी, वे उसी में काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा, "मैं किसी भी पद का दावेदार नहीं हूं। मेरी सेवाएं हमेशा कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर उपलब्ध हैं।" उन्होंने श्री सिद्दारमैया के इस्तीफे से कांग्रेस के और मजबूत होने की बात कही और उन्होंने इस वरिष्ठ नेता को सत्ता के सुचारू हस्तांतरण का श्रेय दिया। श्री पाटिल ने कहा, "सभी बदलावों और नये घटनाक्रमों में सिद्धारमैया ही आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे हैं।"गौरतलब है कि ये घटनाक्रम तब सामने आए हैं जब ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर उभर सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार नयी सरकार के गठन से पहले उपमुख्यमंत्री पदों, प्रमुख मंत्रालयों और पार्टी की राज्य इकाई के नेतृत्व के लिए कांग्रेस के भीतर गुटबाजी तेज हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित