मुंबई , अगस्त 18 -- डीएसपी ग्रुप की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) डीएसपी फाइनेंस ने मंगलवार को सॉल्टर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड (वोल्ट मनी) के अधिग्रहण की घोषणा की।

वोल्ट मनी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो वित्तीय परिसंपत्तियों, विशेष रूप से म्यूचुअल फंड के बदले ऋण उपलब्ध कराता है।

डीएसपी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस अधिग्रहण से सुरक्षित ऋण क्षेत्र में काम करने वाले दो पूरक व्यवसाय एक साथ आ जायेंगे। डीएसपी फाइनेंस अपनी बैलेंस शीट, जोखिम प्रबंधन और संस्थागत ढांचा उपलब्ध करायेगा। वहीं, वोल्ट मनी म्यूचुअल फंड के बदले डिजिटल ऋण बाजार की शुरुआती कंपनियों में से एक है जो अत्याधुनिक तकनीक और स्थापित वितरण नेटवर्क के माध्यम से सहज डिजिटल ग्राहक अनुभव प्रदान करता है। इसका प्लेटफॉर्म ग्राहकों को अपने म्यूचुअल फंड निवेश के बदले तेजी और आसानी से ऋण लेने की सुविधा देता है।

लागू प्रक्रियाओं और मंजूरियों के अधीन राशि पांच मिनट के भीतर वितरित की जा सकती है। यह संयोजन डीएसपी फाइनेंस की वित्तीय परिसंपत्तियों के बदले डिजिटल ऋण को बड़े स्तर पर विस्तार देने और देशभर में म्यूचुअल फंड तथा वेल्थ मैनेजमेंट पारितंत्र से जुड़े ग्राहकों की सेवा करने की क्षमता को मजबूत करता है। डीएसपी फाइनेंस ने जुलाई 2024 में एनबीएफसी पंजीकरण प्राप्त करने के बाद से 1.8 लाख से अधिक रिटेल ग्राहकों को जोड़ा है और लगभग 4,000 करोड़ रुपये का लोन बुक बनाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित