गोपालगंज,01नवम्बर (वार्ता) बिहार के गोपालगंज जिले में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्य का आज शुभारंभ जिला पदाधिकारी (डीएम) समीर सौरभ की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर यादवपुर शुक्ल पैक्स में किसानों से धान की खरीद की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने पैक्स में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं धान खरीद की व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया।

इस मौके पर डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों एवं पैक्स प्रबंधकों को किसानों का निबंधन सुनिश्चित करने, विशेषकर छोटे किसानों को निबंधन के लिए प्रोत्साहित करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि अधिकाधिक किसानों को अधिप्राप्ति व्यवस्था से जोड़ते हुए उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने पैक्स के कॉम्पोजिट यूनिट का भी निरीक्षण किया तथा वहां उत्पादित जेपी गोल्ड तेल की गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ उसके प्रचार-प्रसार एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिये, जिससे पैक्स की आय में वृद्धि हो और किसानों को भी इसका लाभ मिल सके।

उल्लेखनीय है कि जिले के अन्य पैक्सों में भी धान अधिप्राप्ति कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सूचना प्रेषण तक जिले के 3 प्रखंडों में 4 किसानों से कुल 123 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। इनमें थावे प्रखंड का लक्षवार पैक्स भी शामिल है। शेष प्रखंडों में भी धान अधिप्राप्ति कार्य प्रारंभ करने की कार्रवाई की जा रही है।

जिला पदाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति कार्य में पारदर्शिता, सुगमता एवं तेजी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए निर्देश दिये कि पात्र किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकाधिक किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित