फिरोजाबाद , अगस्त 5 -- फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को ब्लॉक नारखी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नगला अमान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया, उसकी गुणवत्ता परखी और शिक्षा व सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्मार्ट क्लास का अवलोकन करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से छात्राओं को जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं का सर्वांगीण विकास हो सके।

सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को परिसर में अधिक से अधिक कैमरे लगाने के निर्देश दिए। कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और निगरानी व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

डीएम ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास लगातार किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। इसके बाद उन्होंने डायट नगला अमान में बाल वाटिका और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित