जगदलपुर , जून 13 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) मद से स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा ने निर्माण एजेंसियों से कहा है कि अपूर्ण कार्यों में तेजी लाकर आम जनता को उनका लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित डीएमएफटी की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में वर्षवार एवं विभागवार स्वीकृत अपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना तथा पंचवर्षीय योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन, क्रेडा तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों के स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया।

कलेक्टर ने सभी क्रियान्वयन एजेंसियों और जनपद पंचायतों द्वारा संचालित लंबित कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

बैठक में लंबित कार्यों में देरी के कारणों, वर्तमान स्थिति की फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जिले में डीएमएफटी मद से किए गए उल्लेखनीय कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान इतवारी बाजार में निर्माणाधीन पार्किंग स्थल के समीप चल रहे कार्य में विलंब पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी, क्रियान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा सभी जनपद पंचायतों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित