बारां , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में बारां जिले के छबड़ा में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा।

तड़के तीन बजे से खाद के टोकन की आस में कतारों में लगे सैंकड़ों महिला-पुरुष किसानों को दोपहर तक खाद नहीं मिलीतो उनका धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित किसानों ने छबड़ा- सालपुरा राजकीय राजमार्ग -51 पर जाम लगा दिया और खादकी मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

खाद के लिए घंटों इंतजार और इसके बावजूद खाली हाथ रहने से किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे भगत सिंह सेना के प्रमुख एवं किसान नेता नरेश मीणा ने भी किसानों की समस्या को लेकर मुखर रुख अपनाया। किसानों की भीड़ के बीच उन्होंने पेड़ पर चढ़कर नारेबाजी की और खाद की किल्लत को लेकर विरोध जताया। हंगामे के बीच नरेश मीणा ने किसानों की खाद संबंधी समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की।

वार्ता के दौरान नरेश मीणा ने अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि मंडी में किसानों के साथ मारपीट की शिकायतें सामने आ रही हैं और सरेआम शराब की बिक्री हो रही है। ऐसी घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई होनी चाहिए।

श्री मीणा ने दो टूक कहा कि किसानों के साथ बदसलूकी, मारपीट और मंडी में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान अपनी मेहनत की उपज लेकर मंडी में आता है और उसे सुरक्षा एवं सम्मान मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित