बारां , जून 19 -- राजस्थान में खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही बारां जिले में डीएपी खाद की मांग तेज हो गयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से जिले के कई क्षेत्रों में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाद केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं, इससे कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है। छबड़ा क्षेत्र में डीएपी खाद को लेकर पहले से ही बवाल मचा था। इस बीच, दो बार किसान नेता नरेश मीणा प्रदर्शन, धरना कर चुके हैं। इसके बावजूद खाद लेने के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में किसान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने टोकन व्यवस्था लागू की है, ताकि वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी बनी रहे।

किसान सुबह से कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

उधर, छीपाबड़ौद में खाद की कमी से नाराज किसानों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। खाद नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने पंचायत समिति के सामने सड़क मार्ग अवरुद्ध करके प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है और ऐसे में खाद की कमी खेती-किसानी पर सीधा असर डाल सकती है। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराये जाने की मांग की है, ताकि बुवाई कार्य प्रभावित न हो और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित