मुरैना , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की जीगनी प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था में डीएपी खाद की गुणवत्ता को लेकर किसानों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने सोसायटी संचालक पर मिलीभगत कर कथित नकली डीएपी खाद बेचने का आरोप लगाते हुए गोदाम का गेट बंद कर धरना दिया। इससे करीब दो घंटे तक खाद वितरण प्रभावित रहा।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर माता बसैया थाना पुलिस के साथ कृषि विभाग के एसडीओ राकेश गुर्जर और तहसीलदार घनश्याम शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाकर स्थिति संभाली और खाद की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खाद के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित