नयी दिल्ली , जुलाई 08 -- रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने लंबी दूरी की निर्देशित रॉकेट प्रणाली पिनाका (एलआरजीआर) का बुधवार को सफल उड़ान परीक्षण किया।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह परीक्षण चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज में किया गया। रॉकेट का परीक्षण निर्धारित 60 किलोमीटर की न्यूनतम दूरी के लिए किया गया। योजना के अनुरूप उड़ान के दौरान सभी निर्धारित संचालन सफलतापूर्वक प्रदर्शित करते हुए एलआरजीआर ने अनुमानित पथ का सटीक अनुसरण करते हुए लक्ष्य पर अत्यंत सटीकता के साथ प्रहार किया। सभी रेंज उपकरणों ने पूरी उड़ान के दौरान रॉकेट की निगरानी की।

पिनाका का डिजायन आयुध अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान ने उच्च ऊर्जा पदार्थ अनुसंधान प्रयोगशाला के सहयोग से तैयार किया है। इस कार्य में रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला ने भी सहयोग किया है। रॉकेट का प्रक्षेपण मौजूदा पिनाका प्रक्षेपक से किया गया, जिससे इसकी बहुउपयोगिता सिद्ध हुई तथा एक ही प्रक्षेपक से विभिन्न दूरी की क्षमता वाले पिनाका रॉकेटों के प्रक्षेपण की क्षमता का प्रदर्शन भी हुआ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल उड़ान परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और उद्योग जगत को बधाई दी। उन्होंने इसे लंबी दूरी के निर्देशित रॉकेटों के स्वदेशी डिजायन एवं विकास क्षमता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित