नयी दिल्ली , मई 06 -- रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी मैदान में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) फील्ड प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र का बुधवार को उद्घाटन किया।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने इस केंद्र का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य रेडियोलॉजिकल और परमाणु आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी को और मजबूत बनाना है।

यह प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विशेष डीआरडीओ-सीबीआरएन उत्कृष्टता केंद्र होगा। इसमें समर्पित रेडियोलॉजिकल और परमाणु परीक्षण सुविधा, हेवी आयन अनुसंधान सुविधा, आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया तथा रीयल टाइम फील्ड रिस्पांस इकाइयां शामिल हैं।

यह केंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड एलाइड साइंसेज (इनमास) के तहत स्थापित किए जा रहे सीबीआरएन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का हिस्सा है। इसका उद्देश्य रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा अन्य एजेंसियों के कर्मियों को सीबीआरएन आपदा तैयारी और संकट प्रतिक्रिया के लिए प्रभावी प्रशिक्षण देना है।

इनमास प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के माध्यम से नई पीढ़ी के विशेषज्ञ तैयार करेगा तथा नवीनतम तकनीकों और प्रौद्योगिकियों से उन्हें परिचित कराएगा।

उद्घाटन समारोह में सैनिक सहायता प्रणाली के महानिदेशक डॉ. उपेंद्र कुमार सिंह, उत्पादन समन्वय एवं सेवा संपर्क महानिदेशक डॉ. चंद्रिका कौशिक, संसाधन एवं प्रबंधन महानिदेशक डॉ. रवींद्र सिंह, कॉर्पोरेट निदेशक तथा अन्य वैज्ञानिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित